पीरटांड़ बाजार में नाले से मिला भ्रूण, अवैध गर्भपात की आशंका से क्षेत्र में सनसनी।
SHIKHAR DARPANSunday, August 24, 2025
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
रविवार की सुबह पीरटांड़ प्रखंड बाजार स्थित एक नाले से भ्रूण मिलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले भ्रूण को देखा, जिसके बाद घटना की खबर आग की तरह पूरे बाजार और आसपास के गांवों में फैल गई। मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएँ होने लगीं।सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत प्रसाद, थाना प्रभारी दीपेश कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्यामा प्रसाद, मनीष कुमार और अंकित कुमार पिंटू मंडल समेत कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे। देखा गया कि किसी ने भ्रूण को नाले में फेंक दिया था, नाले के पास खून के धब्बे भी पाए गए।
*जांच में जुटा प्रशासन:- मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह अवैध गर्भपात का मामला हो सकता है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब सात बजे किसी महिला को वहां कुछ फेंकते देखा गया था। रविवार सुबह जब लोग शौच के लिए नाले के पास गए तो उन्हें भ्रूण दिखा। चिकित्सा प्रभारी डॉ. शशिकांत प्रसाद ने कहा कि अगर यह मामला अवैध गर्भपात का है, तो यह गंभीर अपराध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में संचालित अवैध क्लीनिकों, झोलाछाप डॉक्टरों और नर्सिंग होम्स की गहन जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। वही थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही है।
*स्थानीय लोगों में आक्रोश:- घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने भी इसे शर्मनाक बताते हुए सख्त शब्दों में निंदा की है।भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्यामा प्रसाद ने कहा कि पीरटांड़ और आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल के नाम पर कई अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां बिना किसी योग्य डॉक्टर और सुविधा के उपचार किया जा रहा है। इन्हीं केंद्रों से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, लेकिन आवेदन नहीं मिलने के कारण भ्रूण को अब तक जप्त नहीं किया जा सका है। घटना से पीरटांड़वासियों में गहरी नाराजगी है और लोग दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।