कल्हाबार पंचायत मुखिया ने किया आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, भोजन व्यवस्था पर जताई नाराजगी।
SHIKHAR DARPANFriday, August 22, 2025
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
प्रखंड के कल्हाबार पंचायत मुखिया नूरउद्दीन अंसारी ने शुक्रवार को गानोडीह, तेलखारा, दुधमटिया और कल्हाबार आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आईं, जिस पर मुखिया ने नाराजगी जताते हुए सेविकाओं को सुधार का निर्देश दिया।मुखिया ने बताया कि तेलखारा और दुधमटिया केंद्रों में सुबह 11 बजे तक बच्चों का खाना नहीं बन रहा था। जब स्टोर रूम देखा गया तो वहां भी खाद्य सामग्री नहीं थी। सहायिका ने शिकायत की कि सेविका की ओर से कोई खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती।
वहीं, कल्हाबार आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए अंडा और खिचड़ी उपलब्ध था, जबकि गानोडीह केंद्र के स्टोर रूम में खाद्य सामग्री होने के बावजूद खाना नहीं बन रहा था।मुखिया नूरउद्दीन अंसारी ने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्पष्ट प्रावधान किया है, जिसके तहत बच्चों को हर सप्ताह तीन दिन अंडा और नियमित भोजन मिलना चाहिए। केंद्रों में पैसा उपलब्ध होने के बावजूद बच्चों को न तो अंडा मिल रहा है और न ही समय पर भोजन।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में जल्द सुधार नहीं किया गया तो सीडीपीओ और एलएस से औपचारिक शिकायत की जाएगी।