गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
इंडिया गठबंधन के तहत बिहार में चल रहे कार्यक्रम के दौरान दरभंगा मंच से लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता जी के विरुद्ध अपमानजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। भाजपा ने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय करार दिया है।भाजपा नेताओं का कहना है कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार चौमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है और विदेशों में भी भारत का सम्मान बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर हताश होकर राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राहुल गांधी ने न केवल प्रधानमंत्री के प्रति, बल्कि सहयोगी नेताओं जैसे तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव को भी अमर्यादित ढंग से बयान देने के लिए प्रेरित किया है।इसी क्रम में रविवार को भाजपा गिरिडीह इकाई ने जिला अध्यक्ष महादेव दुबे के नेतृत्व में नगर के विभिन्न मार्गों से आक्रोश प्रदर्शन किया। जुलूस कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचा और वहां राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता इंडिया गठबंधन को पूरी तरह नकार कर एनडीए को पूर्ण बहुमत दिलाएगी।