Type Here to Get Search Results !

तिसरी में संदिग्ध अवस्था में मिला महिला का शव/परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के बेलवाना क़र्बला - मोड़ के समीप एक महिला का शव उसके ससुराल में एक कमरे से संदिग्ध अवस्था में पाया गया।जिसके बाद मौके पर मृतका के मायके वालों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मकीना खातून के रूप में हुआ है।घटना को लेकर मृतका के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।बताया जाता है कि सैर बेलवाना के रहने वाले मो. कलीम और शैरून खातून की छोटी पुत्री मकीना का विवाह 4 वर्ष पहले बेलवाना के ही क़र्बला मोड़ निवासी मो.निस्सार उर्फ़ निसाल के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही दोनों पति पत्नी में विवाद होता रहता था। इसी बीच रविवार की रात भी दोनों पति - पत्नी के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद सोमवार की सुबह मकीना खातून का शव उसके ससुराल स्थित कमरे से मिला।

हालांकि कमरे में ऊपर एक लकड़ी से एक कपड़ा भी बँधा हुआ पाया गया।वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजनों के साथ मायके वाले भारी संख्या में क़र्बला मोड़ स्थित उसके ससुराल पहुंचे।तब तक मृतका के पति समेत सभी लोग घर से फरार हो गए थे।जिसके बाद मौके पर जुटे लोगों ने काफ़ी हो-हल्ला किया।मामले की जानकारी पर बेलवाना मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूख, समाजसेवी इब्राहिम अंसारी आदि भी घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी जानकारी तिसरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद एएसआई सुदर्शन बिन दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आया गया।मृतका के दो बच्चे भी हैं। मृतका के गले पे निशान होने की भी बात कही जा रही है।इस संबंध में मृतका की माँ शैरून खातून ने बताया कि उनकी चार पुत्रियां हैं।

सबसे छोटी बेटी मकीना के विवाह के बाद पुत्री व दामाद में विवाद होता रहता था। उन्होंने कहा कि उनका दामाद दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाता था। जिसकी शिकायत उन्होंने अपने समधी से भी की थी।इसी बीच रविवार की रात उनकी पुत्री मकीना ने फोन कर दामाद से विवाद होने की बात बताई। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री ने दामाद द्वारा गला दबाने की भी बात कही।जिसके बाद फोन कट हो गया, दोबारा फोन लगाने पर फोन नहीं लगने लगा।सुबह पुत्री मकीना की मौत की खबर मिली।मृतका की माँ शैरून खातून द्वारा तिसरी थाने में आवेदन दिया गया है।हालांकि मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता, फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिसिया जांच में ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.