Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, JMM-कांग्रेस पर साधा निशाना।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर झारखंड की झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए।
*छात्रों की पिटाई मामले में कार्रवाई की मांग:-
गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए आदित्य साहू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में झामुमो से जुड़े लोग शामिल थे। उन्होंने सवाल उठाया कि मामले में अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज क्यों नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।


*उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा:-
गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जीत का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि इस बार गिरिडीह में कमल खिलेगा और जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर पार्टी के प्रत्याशी को विधानसभा भेजेगी। उनके इस बयान से उपचुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज होने के संकेत हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी आदित्य साहू ने कांग्रेस और झामुमो पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस पहले भी कई बार इस प्रक्रिया से गुजर चुकी है, तो अब उसे SIR से परेशानी क्यों हो रही है? 
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से अवैध रूप से रह रहे लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया के कारण कांग्रेस और झामुमो इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे मतदाता इन दलों के समर्थक हैं, इसलिए दोनों पार्टियां SIR को लेकर चिंतित हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इन बयानों के बाद गिरिडीह में छात्रों के साथ मारपीट, मतदाता सूची पुनरीक्षण और विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.