Type Here to Get Search Results !

नावाडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, साइकिल सवार अब्बास अंसारी की मौके पर मौत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पचम्बा थाना क्षेत्र के नावाडीह के पास शनिवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करहरबरी पंचायत अंतर्गत नवाटांड़ निवासी अब्बास अंसारी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार, अब्बास अंसारी घर में जलावन के लिए साइकिल पर कोयला लेकर जमुआ थाना क्षेत्र के घोरंजो स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान नावाडीह के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि अब्बास अंसारी परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.