गिरिडीह में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत, पर्व की खुशियां मातम में बदलीं//मनगसो गांव में पांच किलो के सिलेंडर में हुआ विस्फोट, हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत।
SHIKHAR DARPANSunday, October 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार शाम करीब छह बजे पांच किलो के गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। दुर्गापूजा की तैयारी में जुटे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मिली जानकारी के अनुसार, कविता देवी दुर्गापूजा को लेकर घर में प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। लोग आग बुझने का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से कविता देवी और शीतल कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जाता है कि विस्फोट के दौरान सिलेंडर दरवाजे की किवाड़ से टकराया, जिससे दोनों इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कविता देवी को रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना की प्रत्यक्षदर्शी कविता देवी के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे गांव में सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।कविता देवी अपने पीछे पति वैद्यनाथ विश्वकर्मा और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। एक ही हादसे में महिला और मासूम बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बताया गया कि परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।दुर्गापूजा से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने मनगसो गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।