जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 23, 2026
0
जमशेदपुर,शिखर दर्पण संवाददाता।
सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो युवतियों और दो युवकों की जान गई है। जानकारी के अनुसार सफेद रंग की स्विफ्ट कार मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। क्षतिग्रस्त कार से शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल भेजा गया।मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में बताई गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।