दुर्गा पूजा के मद्देनजर डुमरी में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, दूषित मिठाइयां एवं एक्सपायर्ड सोडा जब्त कर नष्ट।
SHIKHAR DARPANSunday, October 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दुर्गा पूजा के मद्देनजर आमजनों के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश के आलोक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दुर्गा पूजा की अष्टमी के अवसर पर डुमरी अनुमंडल में सघन खाद्य जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 9 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के क्रम में 8 किलोग्राम दूषित मिठाइयां तथा एक्सपायर्ड सोडा की 16 बोतलें जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दी गईं। इसके अतिरिक्त, 3 दुकानदारों को अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए 2 सर्विलांस नमूने संग्रहित किए गए।इसके साथ ही डुमरी मेला क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान गोलगप्पे (गुपचुप) सहित अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता के मानकों का पालन करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा केवल अनुमोदित खाद्य रंगों का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई एवं आमजनों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के लिए भी निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, डुमरी ने स्पष्ट किया कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनुपालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने, दूषित अथवा एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री करने तथा निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की गई है कि वे त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षा के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि आमजन सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकें तथा त्योहार के दौरान जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।