डीसी रामनिवास यादव ने पीरटांड़ समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण//मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दस्तावेज सत्यापन और त्रुटियों में सुधार पर दिया जोर।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 10, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीरटांड़ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मांझीडीह स्थित मतदान केंद्र संख्या 281 और उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरलाडीह स्थित मतदान केंद्र संख्या 280 का जायजा लिया। इसके अलावा डुमरी प्रखंड के छछंदो स्थित मतदान केंद्र संख्या 83 एवं 84 तथा चैनपुर पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 72 का भी निरीक्षण किया।जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप के साथ बीएलओ-बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की चौथी बैठक और चौथी चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार पर विशेष जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने नो मैपिंग और विसंगतियों (Anomalies) के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले ऐसे पात्र मतदाताओं को चिह्नित कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जवाब जमा करने में सहयोग देने को कहा।इसके साथ ही 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवाओं और पात्र प्रवासी मतदाताओं की पहचान करने पर जोर दिया गया, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसे लोगों से प्रपत्र-6 प्राप्त कर नियमानुसार पंजीकरण की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार कराने पर भी बल दिया गया।उपायुक्त ने अधिकारियों को दावे-आपत्तियों, नोटिस के जवाब तथा प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 से संबंधित मामलों का अद्यतन रिकॉर्ड रखने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आवश्यक है।जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में नए पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन, नोटिस के जवाब अथवा विवरण में सुधार के लिए अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें।