झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा एवं डुमरी विधायक जयराम महतो ने पीरटांड के विभिन्न पूजा पंडालों में की पूजा-अर्चना।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 17, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड में दुर्गापूजा को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। प्रखंड के विभिन्न गांवों में आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण किया गया है, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा पंडालों में भक्तों का आना-जाना लगा हुआ है। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पीरटांड़ के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में राजनीतिक नेताओं का भी दौरा रहा। झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा, डुमरी विधायक जयराम महतो और प्रो. विनीता कुमारी अलग-अलग टीमों के साथ पूजा पंडालों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। नेताओं के आगमन के दौरान उनके समर्थक भी मौजूद रहे। पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज, मधुबन, चिरकी, खुखरा, हरलाडीह, विशुनपुर और कुड़को सहित विभिन्न स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है।
पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडालों का निर्माण करने के साथ मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। कई स्थानों पर विशेष थीम पर आधारित पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूजा पंडालों की सजावट और धार्मिक आयोजनों को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। इन्हीं पूजा पंडालों में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के उद्देश्य से नेता भी पहुंचे। दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह और हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसडीपीओ आबिद खान भी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दुर्गापूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो तथा श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें, इसे लेकर प्रशासन की सतर्कता देखी गई। कुल मिलाकर पीरटांड़ में दुर्गापूजा को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है और श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना में जुटे हुए हैं।