तिसरी में अज्ञात वाहन की चपेट में आए फूफा-भतीजा, भतीजे की मौत।
SHIKHAR DARPANMonday, October 05, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले फूफा-भतीजे को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे करण तुरी की मौत हो गई, जबकि उसके फूफा लाटो तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बिहार के बिसौली निवासी लाटो तुरी अपने ससुराल चंदौरी आए हुए थे। सोमवार सुबह वे अपने भतीजे करण तुरी, पिता सिकंदर तुरी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बरहमसिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करण उछलकर बिजली के खंभे से जा टकराया।
घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी लेकर पहुंचे। यहां डॉ. जैनेंद्र और स्वास्थ्यकर्मी तासीर ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया। गिरिडीह ले जाने की तैयारी के दौरान ही करण तुरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लाटो तुरी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।