पचंबा में बालू लदे वाहन की चपेट में आने से दो छात्राएं घायल, छात्रों ने रोके वाहन//घायल छात्राओं के इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं।।
SHIKHAR DARPANWednesday, October 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर के पचंबा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं की पहचान वर्षा और काजल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं पचंबा से झंडा मैदान की ओर प्रशिक्षण के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे एक वाहन ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
आक्रोशित छात्रों ने बालू लदे वाहनों को रोककर विरोध जताया। इस दौरान बालू खाली कर लौट रहे पांच से छह वाहनों को रोके जाने की सूचना है। छात्रों ने घायल छात्राओं के समुचित इलाज और उचित मुआवजे की मांग की। हादसे के बाद एक बार फिर जिले में बालू लदे वाहनों के परिचालन और बालू के कथित अवैध उठाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।फिलहाल, घटना को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।