Type Here to Get Search Results !

बिना अनुमति होर्डिंग लगाने पर भाजपा नेता विनोद सिन्हा पर 25 हजार का जुर्माना,नगर निगम की कार्रवाई पर भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

शहर में बिना अनुमति होर्डिंग और बैनर लगाने के मामले में नगर निगम ने भाजपा नेता विनोद सिन्हा पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दुर्गापूजा की शुभकामनाओं से जुड़े होर्डिंग हटाने पहुंची नगर निगम की टीम की कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए शहर में सभी अवैध होर्डिंग के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को नगर निगम की टीम स्काई लिफ्टर मशीन लेकर शहर में लगे होर्डिंग हटाने पहुंची थी। इस दौरान भाजपा नेता नवीन सिन्हा और छोटू खान भी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, तो शहर के अन्य इलाकों में लगे अनधिकृत होर्डिंग पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा नेताओं का आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई एकतरफा प्रतीत हो रही है। उन्होंने मांग की कि राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और अन्य संगठनों की ओर से लगाए गए सभी अनधिकृत होर्डिंग की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि त्योहारों के दौरान गिरिडीह शहर में विभिन्न राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से शुभकामना संदेश वाले बैनर और होर्डिंग लगाए जाते हैं। ऐसे में नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद होर्डिंग लगाने की अनुमति और नियमों के समान अनुपालन को लेकर बहस तेज हो गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.