Type Here to Get Search Results !

दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों का किया निरीक्षण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने गिरिडीह जिले के जमुआ, धनवार, सरिया, बगोदर, डुमरी समेत विभिन्न प्रखंडों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों एवं प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुगम आवागमन तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, पूजा समितियों के आयोजकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

*उपायुक्त ने की शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील...
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने, अपने दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

*यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर...
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा के दौरान संभावित भीड़ एवं यातायात दबाव को देखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जाम की स्थिति से बचने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था में समुचित बदलाव करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त अग्निशमन सेवा, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

*विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश...
पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, नियमित गश्ती तथा पुलिस पिकेट की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ; अनुमंडल पदाधिकारी, बगोदर-सरिया; अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खोरीमहुआ एवं बगोदर-सरिया सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.