जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान को लेकर उपायुक्त ने लगाया जनता दरबार।
SHIKHAR DARPANTuesday, October 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आज उपायुक्त रामनिवास यादव ने जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासन से संबंधित विभिन्न मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता सुनिश्चित की जाए तथा पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार के दौरान भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, आवास, पेंशन, रोजगार, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों को केवल आवेदन के रूप में न लेकर उनकी समस्याओं के समाधान के दृष्टिकोण से गंभीरता से लिया जाए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष, नियमानुकूल एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्रवाई की प्रगति पर नजर बनाए रखें। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।