Type Here to Get Search Results !

लेडवा कशियाडीह में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ16 टीमों ने लिया हिस्सा।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के भारती चलकरी पंचायत अंतर्गत लेडवा कशियाडीह में मंगलवार को जे.बी.एस. स्पोर्टिंग क्लब कशियाडीह के तत्वावधान में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा नेता सुरेश साव ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सुरेश साव सहित अन्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। मौके पर भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों का विशेष महत्व है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती है।

ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवा शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना भी सीखते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं का विशेष लगाव है और यहां के कई खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। जरूरत है कि उन्हें नियमित अभ्यास, खेल मैदान और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सुरेश साव ने कहा कि लेडवा कशियाडीह जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए मिनी स्टेडियम जैसी सुविधा का नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछले सात वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है, इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के युवा मूलभूत खेल सुविधाओं से वंचित हैं। सरकार को ग्रामीण इलाकों में खेल के विकास के लिए विशेष पहल करनी चाहिए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

उन्होंने आयोजक समिति की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन कर युवाओं को खेल से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होते रहेंगे और क्षेत्र से प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में जे.बी.एस. स्पोर्टिंग क्लब के सदस्यों और स्थानीय युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों के मैदान में पहुंचने की उम्मीद है। इस अवसर पर पीरटांड़ मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, श्याम प्रसाद, सिकंदर हेम्ब्रम, मुकेश मंडल, रिंकी देवी, अंजू टुडू, अंबुज मोदक, भोला वर्मा, फागु मरांडी, मुकेश किस्कू, इनोद साव, प्रदीप राणा, नायक सोरेन, विनय राय, तिलक राणा, हुलास राय, दिनु राय, पंकज राय, बंसी राय सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.