Type Here to Get Search Results !

अवैध महुआ चुलाई शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 लीटर अवैध शराब जब्त एवं 4500 किलोग्राम जावा महुआ विनष्ट।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव के निर्देश पर तथा अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के मार्गदर्शन में उत्पाद विभाग की टीम द्वारा बेंगाबाद थाना अंतर्गत सोनबाद एवं महुवार में अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण स्थलों एवं संचालित भट्ठियों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों से लगभग 400 लीटर तैयार अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं, शराब निर्माण के लिए अलग-अलग घरों, आसपास के खेतों तथा बर्तनों, ड्रम एवं डिब्बों में छिपाकर रखे गए और जमीन में गाड़कर संग्रहित किए गए लगभग 4500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण से संबंधित ठिकानों को चिह्नित करते हुए अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद, सदर अंचल सुमितेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद, बगोदर अंचल महेश कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, बेंगाबाद थाना के जगन्नाथ पान सहित पुलिस बल एवं गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.