इसरी रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिला 26 वर्षीय महिला का शव, मायकेवालों ने जताई हत्या की आशंका।
SHIKHAR DARPANTuesday, October 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण सवांददाता।
डुमरी थाना क्षेत्र के इसरी रेलवे फाटक के समीप पारसनाथ स्टेशन की रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 316/27 के पास सोमवार को 26 वर्षीय किरण देवी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और पीडब्ल्यूआई की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी पहचान इसरी के गट्ठीगढ़ा निवासी किरण देवी के रूप में हुई। मंगलवार को परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतका की मां गीता देवी के अनुसार, किरण की शादी वर्ष 2021 में महेश ठाकुर से हुई थी और उसका करीब तीन वर्षीय बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पति के किसी अन्य महिला से कथित संबंध को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। मामले को लेकर पंचायत में कई बार समझौता भी कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मायकेवालों ने किरण की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।