Type Here to Get Search Results !

झंडा मैदान से निकली ‘सेवा ज्योति’, मशाल की रोशनी में गूंजा मोदी के 25 साल का संदेश//मशाल जुलूस में उमड़े भाजपा कार्यकर्ता, बाबूलाल मरांडी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पचंबा, नगर, मध्य एवं पूर्वी मंडल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। देशभर में बुधवार को आयोजन किया गया। किए जा रहे ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के संदेश को जनता तक पहुंचाना तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ना रहा। झंडा मैदान में कार्यक्रम को लेकर भव्य मंच एवं पंडाल तैयार किया गया था। विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया। संबोधन के दौरान मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, जिला प्रभारी सरोज सिंह, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, जयप्रकाश वर्मा, भाजपा नेता विनय सिंह, विनोद सिन्हा, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह, चुन्नू कांत, सुनील पासवान, प्रकाश सेठ, दिनेश यादव, प्रोफेसर विनीता कुमारी, शालिनी बैसखियार, संगीता सेठ, देवराज, संजीव सिंह, मिथुन चंद्रवंशी सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

*मशाल लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता:-
वर्चुअल कार्यक्रम समाप्त होने के बाद झंडा मैदान से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के रूप में मशाल जुलूस निकाला गया। यात्रा की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता रवींद्र राय, विधायक नागेंद्र महतो, जिलाध्यक्ष रंजीत राय सहित पार्टी के कई नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर सड़क पर निकले। मशाल जुलूस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को लेकर भाजपा नेताओं ने लोगों तक संदेश पहुंचाया। भाजपा की ओर से इससे पहले भी जिले के विभिन्न मंडलों में कार्यक्रम को लेकर बैठकें कर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई थी। पार्टी नेताओं ने सभी मंडलों एवं पंचायतों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल कराने पर जोर दिया था।
*‘I Will Do It’ के संकल्प का किया उल्लेख:-
कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘I Will Do It’ यानी ‘मैं करके रहूंगा’ के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प देश और जनता के हित में आवश्यक कार्यों को पूरा करने का है। मरांडी ने नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को देशसेवा से जोड़ते हुए उनके कार्यकाल की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया। मशाल जुलूस के बाद पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रेल, सड़क एवं हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में विस्तार हुआ है और देश में एयरपोर्ट की संख्या में भी वृद्धि हुई है।

*झारखंड सरकार पर भी साधा निशाना:-
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र प्रायोजित कई योजनाओं को राज्य सरकार गंभीरता से लागू नहीं कर रही है, जिसके कारण योजनाओं का अपेक्षित लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में यदि डबल इंजन की सरकार होती तो राज्य के विकास की गति अलग होती। ये बातें मरांडी ने कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन एवं पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
*उपचुनाव से पहले भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता भी दिखी:-
गिरिडीह विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की संभावित राजनीतिक गतिविधियों के बीच झंडा मैदान का यह कार्यक्रम भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। दिवंगत मंत्री सह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद गिरिडीह विधानसभा सीट रिक्त है। ऐसे में प्रमुख राजनीतिक दलों की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हैं। भाजपा का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े अभियान के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क बढ़ाने का अवसर भी रहा। भाजपा ने 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है, जिसे 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों से जोड़कर चलाया जा रहा है। गिरिडीह में भी इस अभियान के तहत विभिन्न मंडलों में लगातार बैठकें और तैयारियां की गईं। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय गान हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। झंडा मैदान से निकली मशाल यात्रा के साथ भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के संदेश को जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रम के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.