Type Here to Get Search Results !

जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप, बिना अनुमति जियो टैगिंग की शिकायत।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ अंचल क्षेत्र के तुईयो पंचायत अंतर्गत मँझलीडीह गांव निवासी बसीर अंसारी ने अपनी पैतृक जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। साथ ही विवादित जमीन की बिना उचित जानकारी दिए जियो टैगिंग किए जाने की शिकायत अंचल अधिकारी से की है। उन्होंने मामले की स्थल जांच कर जमीन की दोबारा मापी कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अंचल अधिकारी को दिए आवेदन में बसीर अंसारी ने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति करीब 76 डिसमिल जमीन है, जिसमें तीन भाइयों का हिस्सा बताया गया है। जमीन के पूर्व के लेन-देन और हिस्सेदारी से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास होने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी अंचल कार्यालय में जांच के लिए आवेदन दिया गया था।

बसीर अंसारी के अनुसार, पूर्व में जमीन की मापी और बंटवारा किए जाने के बावजूद दोबारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी मामले की जांच के दौरान अमीन अलामत अंसारी द्वारा विवादित जमीन पर तीनों भाइयों को खड़ा कर जियो टैगिंग किए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया है। जियो टैगिंग के संबंध में जानकारी मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने अंचल अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच, स्थल पर जमीन की पुनः मापी, संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन तथा विवादित जमीन की स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की है। साथ ही जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.