Type Here to Get Search Results !

पचंबा में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का मामला गरमाया, भाजपा ने निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पचंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने आरोप लगाया कि नाबालिग से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पीड़िता और उसके परिजनों पर कथित रूप से दबाव बनाने का प्रयास किया गया। भाजपा नेताओं का दावा है कि थाना परिसर में भी पीड़िता को आरोपी युवक और उसके परिजनों की ओर से डराने-धमकाने की कोशिश की गई। भाजपा नेताओं के अनुसार, पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बाद में कथित रूप से मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर की गई मारपीट में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के अलावा वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू समेत कई लोग घायल हुए।
भाजपा ने मांग की कि नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के आरोपी युवक के साथ-साथ पीड़िता के परिवार को धमकाने के आरोपों की भी जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। पार्टी ने मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की। सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव और संजीव सिंह गुड्डू ने कहा कि उनका उद्देश्य विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश जालान, नवीन सिन्हा, हरबिंदर सिंह बग्गा, सिकंदर हेंब्रम, विवेक गुप्ता उर्फ विक्की समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.