Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ व डुमरी में उग्र जंगली हाथी का आतंक, ग्रामीणों को सतर्क रहने की वन विभाग ने दी चेतावनी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले के पीरटांड़ क्षेत्र में एक उग्र जंगली हाथी के विचरण को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग के अनुसार मध्यम ऊंचाई का दो दांत वाला यह युवा हाथी पिछले कुछ समय से झुंड से अलग होकर घूम रहा है। यह हाथी प्रतिरात्रि करीब 10 से 20 किलोमीटर तक की दूरी तय कर रहा है। बताया गया कि दो दिन पूर्व पीरटांड़ के लेड़वा गांव में हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।जबकि एक महिला लेड़वा में एवं एक अन्य महिला को घायल भी कर दिया था। इसके बाद वन विभाग की टीम हाथी की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

हालांकि, पिछले 24 घंटे में हाथी को ट्रेस नहीं किया जा सका है। वन विभाग के अनुसार हाथी डुमरी पंचायत के जीतकुंडी, खुदीसार, नागाबाद, जरीडीह, ससारखो, बड़की बैरगी तथा बेरहा-सुईयाडीह पंचायत क्षेत्र की ओर विचरण कर रहा है। क्षेत्र में दो अन्य हाथियों के भी लगातार घूमने की सूचना है। वन विभाग ने सभी संबंधित पंचायतों के ग्रामीणों से अपील की है कि शाम होते ही अपने घर लौट आएं और रात के समय जंगल अथवा हाथियों के संभावित रास्तों पर जाने से बचें। आवश्यक होने पर रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें और हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे ट्रेस करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.