Type Here to Get Search Results !

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा महानगर व ग्रामीण इकाई की संयुक्त बैठक।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर गुरुवार को भाजपा महानगर जिला कार्यालय में गिरिडीह महानगर एवं ग्रामीण जिला इकाई की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में अभियान के तहत निर्धारित 14 कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन, दायित्व निर्धारण और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सह ‘जनसेवक महाकुंभ (पंचायत से पार्लियामेंट)’ कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अर्जुन सिंह शामिल हुए। गिरिडीह पहुंचने पर बदडीहा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं नारों के साथ उनका स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि 17 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से लेकर संसद तक के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि भाजपा सेवा को संगठन का मूल आधार मानती है। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘पच्चीस करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘रंगोली राष्ट्र’ समेत विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों और कार्यक्रम संयोजकों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री दिलीप कुमार वर्मा, जिला महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम, एससी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष निर्भय सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय सिंह,जिला उपाध्यक्ष संगीता सेठ, जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल, दीपक यादव, संत कुमार लल्लू, राजेश जायसवाल सहित दोनों जिलों के पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यक्रमों के संयोजक-सहसंयोजक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.