दिवंगत मंत्री की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा और दोनों बेटियों ने किया पीरटांड़ का दौरा, ग्रामीणों से किया संवाद।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 30, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा बुधवार को अपनी दोनों बेटियों सृष्टि और समृद्धि के साथ पीरटांड़ प्रखंड के दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शहरपुरा स्थित शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत मंत्री की स्मृतियों को याद करते हुए श्वेता शर्मा भावुक भी नजर आईं। उनके साथ झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत परिवार के सदस्य और पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रद्धांजलि के बाद श्वेता शर्मा ने कुड़को,चिरकी व मधुबन में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं। पीरटांड़ के एक गांव में उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीरटांड़ के लोग उनके पति सुदिव्य कुमार सोनू के लिए परिवार के समान थे। यहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव था और वे क्षेत्र की समस्याओं तथा विकास को लेकर लगातार चिंतित रहते थे। श्वेता शर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के जो कार्य और सपने अधूरे रह गए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से आशीर्वाद और सहयोग की अपील भी की। इस दौरान दिवंगत मंत्री की बड़ी बेटी सृष्टि ने कहा कि उनके पिता का पीरटांड़ से पुराना और विशेष लगाव रहा था। पिता के निधन के बाद यहां के लोगों से परिवार को मिल रहे सम्मान और स्नेह को देखकर उन्हें अब और बेहतर ढंग से समझ आ रहा है कि उनके पिता का पीरटांड़ से इतना गहरा जुड़ाव क्यों था।सृष्टि ने कहा कि उनके पिता जिस तरह कठिन परिस्थितियों में लोगों के लिए काम करते थे, वैसा हर कार्य तुरंत संभव नहीं हो पाएगा। कुछ कमियां रहना स्वाभाविक है, लेकिन परिवार की ओर से क्षेत्र और लोगों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के जाने के बाद भी उनका परिवार पीरटांड़ के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, रॉकी सिंह, दिलीप रजक, प्रमुख सविता टुडू, उपप्रमुख महेंद्र महतो, हीरालाल महतो, महावीर मुर्मू,राधेश्याम मदक, विद्याभूषण मिश्रा, ई. शयदी, युवराज महतो, गोपाल विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे।