Type Here to Get Search Results !

मंदनाडीह में हाथियों का आतंक, दो घरों को तोड़ा/अनाज और मक्कई की फसल को भी पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों में दहशत।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

हरलाडीह पंचायत के मंदनाडीह गांव में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव में घुसकर दो ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा घरों में रखे चावल और मक्कई को खा गए तथा खेत-बारी में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के लगातार गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड सबसे पहले राजन मरांडी के घर पहुंचा। हाथियों ने घर को क्षतिग्रस्त करते हुए अंदर प्रवेश किया और वहां रखा चावल खा लिया। इसके बाद हाथियों ने शनि देवी के घर को भी नुकसान पहुंचाया। घर में रखे चावल और मक्कई को हाथियों ने खा लिया। हाथियों ने गांव के छोटू टुडू की बारी में लगी मक्कई की फसल को भी रौंदकर काफी नुकसान पहुंचाया।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड के गांव में आने से रात के समय लोगों में विशेष रूप से भय बना रहता है। लोग अपने घरों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हाथियों के दोबारा गांव में लौटने की आशंका को लेकर ग्रामीण रात में सतर्क रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से गांव से दूर भगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि जान-माल का नुकसान न हो। साथ ही ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.