गिरिडीह कॉलेज में छात्रों के आंदोलन के बीच पहुंचे भाजपा नेता, निष्पक्ष जांच की मांग।
SHIKHAR DARPANSunday, September 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक खाते से अवैध निकासी के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल जारी है। इसी क्रम में रविवार को भाजपा नेताओं ने कॉलेज पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान नेताओं ने कहा कि कॉलेज में लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। मामले को लेकर जिला अनुमंडल पदाधिकारी से भी वार्ता की गई। बताया गया कि एसडीओ ने समस्या के समाधान के लिए स्वयं छात्रों के बीच पहुंचकर उनसे वार्ता करने का आश्वासन दिया है। नेताओं ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जरूरत है। इस दौरान महानगर ग्रामीण महामंत्री श्रीकांता राय, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, रणबीर राव, सुमन सिन्हा, अमित कुमार सहित छात्र एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।