Type Here to Get Search Results !

सरिया में बिजली संकट से जनता परेशान, दो माह से लचर व्यवस्था।

सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।

सरिया क्षेत्र में पिछले करीब दो माह से बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था से आम जनता, व्यापारी वर्ग और उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन 11 हजार वोल्ट तार टूटने, 33 हजार वोल्ट लाइन में खराबी तथा बाजार क्षेत्र में छोटे-बड़े फॉल्ट होने से दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरिया बाजार में बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर विद्युतकर्मी और मिस्त्री दिनभर मरम्मत कार्य में जुटे रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से दुकानदारों के कारोबार के साथ-साथ आम लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
*जर्जर तार और तकनीकी खामियां बनी परेशानी*
सरिया पावर सबस्टेशन के विद्युतकर्मियों के अनुसार, क्षेत्र में पुरानी और जर्जर तारों के कारण बार-बार हाईटेंशन फॉल्ट की समस्या उत्पन्न हो रही है। लंबे समय से तारों को बदलने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए लोगों को आशंका है कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर हो सकती है।

*दो वर्ष बाद भी अलग फीडर योजना अधूरी*
जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व सरिया बाजार के लिए अलग फीडर बनाने की योजना तैयार की गई थी। इसके तहत सरिया पावर सबस्टेशन से नई लाइन जोड़कर नगर पंचायत क्षेत्र को अलग फीडर से बिजली आपूर्ति देने की योजना थी। इसमें कालीमंडा रोड, स्टेशन रोड, काला रोड सहित फाटक क्षेत्र को शामिल किया गया था। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए तत्कालीन बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने पहल कर स्वीकृति दिलाई थी। हालांकि, विभागीय स्तर पर योजना के क्रियान्वयन में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है।
*जनता में बढ़ रहा आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी*
लगातार बिजली संकट को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
जल्द अधीक्षण अभियंता व महाप्रबंधक से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल विद्युत संघर्ष समिति के अध्यक्ष विशाल गंभीर, उपाध्यक्ष विनोद मंडल एवं सचिव जिमी चौरसिया ने कहा कि बिजली समस्या को लेकर जल्द ही गिरिडीह के अधीक्षण अभियंता एवं महाप्रबंधक से मुलाकात की जाएगी। साथ ही पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह से भी इस मुद्दे पर चर्चा कर समाधान की मांग की जाएगी। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्युत विभाग से आग्रह किया जाएगा कि आगामी दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व से पहले सरिया बाजार की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.