Type Here to Get Search Results !

गोविंदपुरा में अवैध पत्थर खदान पर बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक समेत सात ट्रैक्टर ढव पोकलेन जब्त//एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासन व खनन विभाग की संयुक्त छापेमारी, वाहन छोड़कर भागे खनन में जुटे लोग।

जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।

जमुआ प्रखंड के मेढ़ोचपरखो पंचायत अंतर्गत गोविंदपुरा गांव में संचालित कथित अवैध पत्थर खदान पर सोमवार को प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम समीर रेनियर खलखो के नेतृत्व में अचानक हुई छापेमारी से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान खदान परिसर से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, सात ट्रैक्टर और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई।बताया गया कि गोविंदपुरा क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध पत्थर उत्खनन किए जाने और खनन कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर विस्फोटक के इस्तेमाल की सूचना प्रशासन को मिल रही थी। सूचना के आधार पर एसडीएम के नेतृत्व में खनन पदाधिकारी विश्वनाथ उरांव, अंचल अधिकारी नरेश वर्मा और जमुआ पुलिस की संयुक्त टीम ने खदान स्थल पर दबिश दी।

प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही खदान में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद खनन कार्य में शामिल लोग कथित तौर पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। टीम ने खदान स्थल की जांच करते हुए विस्फोटक सामग्री समेत सात ट्रैक्टर और पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया। एसडीएम समीर रेनियर खलखो ने कहा कि क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे अवैध खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन विभाग और पुलिस को जब्त वाहनों एवं बरामद सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इधर, जमुआ पुलिस ने जब्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खदान के संचालन से जुड़े लोगों की पहचान और विस्फोटक सामग्री के स्रोत की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.