बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत, अवैध बालू परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश।
SHIKHAR DARPANFriday, September 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मटरुखा पंचायत अंतर्गत महतोडीह में गुरुवार शाम बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 54 वर्षीय मजदूर बंकू मंडल की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ रहे अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, महतोडीह कोली कोल्हरिया निवासी बंकू मंडल साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते बालू परिवहन को लेकर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू लदे वाहनों के कारण पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक पहले क्षेत्र में कुछ ही बालू वाहन चलते थे, लेकिन अब कथित तौर पर बड़ी संख्या में वाहन संचालित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।