जंगलों से सफेद पत्थरों का अवैध उत्खनन जारी, रात में ट्रैक्टरों से हो रही ढुलाई//दो माह पूर्व हाइवा से जब्त हुआ था पत्थर, कार्रवाई के बावजूद उठ रहे सवाल।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 15, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड क्षेत्र में जंगल एवं वन भूमि से सफेद पत्थरों के कथित अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पीरटांड़ थाना एवं खुखरा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जंगलों से सफेद पत्थरों का बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा है। इसके बाद ट्रैक्टरों के माध्यम से पत्थरों को स्थानीय स्तर पर संचालित मिलों और अन्य स्थानों तक पहुंचाए जाने की बात कही जा रही है। इससे सरकार को राजस्व नुकसान के साथ जंगल और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टरों से पत्थरों की ढुलाई की जा रही है। निकाले गए सफेद पत्थरों को स्थानीय स्तर पर ठेकेदारों को बेचे जाने की चर्चा है। बताया जाता है कि इन पत्थरों को मिक्सचर मशीनों में पीसकर पाउडर तैयार किया जाता है। कुछ स्थानों पर बिना अनुमति मिक्सचर मशीनों के संचालन की भी बात सामने आ रही है। तैयार पत्थर पाउडर को प्रखंड क्षेत्र से बाहर भेजे जाने के साथ-साथ कुछ क्रशरों में भी इसकी खपत किए जाने की चर्चा है।
*रात और अहले सुबह होती है ढुलाई* स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए पत्थरों की ढुलाई मुख्य रूप से रात के अंधेरे और अहले सुबह की जाती है। जंगलों में कई स्थानों पर सफेद पत्थरों को निकालकर जमा किए जाने की भी सूचना है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही के बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लगने से सवाल खड़े हो रहे हैं। *दो माह पूर्व हाइवा से जब्त हुआ था पत्थर* बताया गया कि करीब दो माह पूर्व वन विभाग की टीम ने खुखरा क्षेत्र से सफेद पत्थर लदे एक हाइवा को जब्त किया था। इसके बाद भी क्षेत्र में पत्थरों के उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध कारोबार से जुड़े लोग बेखौफ होकर जंगलों से पत्थर निकाल रहे हैं। *इस संबंध में वन परिसर प्रभारी रोहित पनोरी एवं वनकर्मी संतोष कुमार ने बताया कि करीब दो माह पूर्व पत्थर लदा एक ट्रक पकड़ा गया था। जंगल में पत्थर जमा होने की सूचना भी मिल रही है। जमा किए गए पत्थरों के उठाव पर रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रोक के बावजूद पत्थरों का उठाव या परिवहन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।