Type Here to Get Search Results !

मधुबन के दिशोम मांझी थान में करमा पर्व मिलन समारोह आयोजित, बाबूलाल मरांडी ने की पूजा-अर्चना।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, प्रकृति और लोक आस्था से जुड़ा करमा पर्व रविवार को मधुबन स्थित दिशोम मांझीथान में पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाया गया। मरांग बुरु पारसनाथ की तराई में स्थित दिशोम मांझीथान में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद करमा पर्व मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पारसनाथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। करमा पर्व मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी शामिल हुए। उन्होंने दिशोम मांझीथान में दर्शन-वंदन कर पूजा-अर्चना की तथा राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने करमा महोत्सव में भाग लिया और उपस्थित लोगों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान बाबूलाल मरांडी ने मांझीथान के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने करमा पर्व की परंपरा और आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को महत्वपूर्ण बताया। 

कार्यक्रम में मांदर की थाप और पारंपरिक लोकगीतों पर महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक परिधान में महिलाओं के नृत्य से पूरा समारोह सांस्कृतिक रंग में रंग गया। गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से आदिवासी समाज की पीढ़ियों से चली आ रही लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली। वक्ताओं ने कहा कि करमा पर्व आदिवासी समाज के लिए केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि, भाईचारे, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा पर्व है। करम वृक्ष और प्रकृति के प्रति सम्मान इस पर्व की प्रमुख विशेषता है। करमा पर्व के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति कृतज्ञता का संदेश भी समाज तक पहुंचता है। समारोह में पारसनाथ क्षेत्र की लोककथाओं, परंपराओं और सभ्यता-संस्कृति पर भी चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि मरांग बुरु पारसनाथ क्षेत्र की आदिवासी परंपराएं जंगल, पहाड़, जल और जमीन के साथ लोगों के सदियों पुराने संबंध को दर्शाती हैं।करमा जैसे पर्व इन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम में नूनका टुड्डू, सिकंदर हेंब्रम, बुधन हेंब्रम, अर्जुन हेंब्रम, उप मुखिया झरीलाल महतो, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, नूनूलाल मरांडी, अशोक उपाध्याय, दिनेश यादव, सुरेश साव, श्याम प्रसाद, दीपक यादव, संजीव सिंह,अरविंद बर्णवाल, सुमन सिन्हा, अमर तुरी सहित कई लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। करमा मिलन समारोह में पारसनाथ की तराई क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के साथ एक-दूसरे को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.