Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा, पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़।।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

विश्व को कर्म और सृजन का मार्ग दिखाने वाले भगवान विश्वकर्मा की पूजा पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार को धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पूजा को लेकर फल, फूल और मिठाइयों की खरीदारी के लिए दिनभर बाजारों में भीड़ लगी रही। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर लोगों ने अपने-अपने वाहनों की साफ-सफाई कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद व मिठाइयां बांटी। वहीं लोहा-पार्ट्स की दुकान, डेकोरेशन सामग्री, आरा मशीन, आटा चक्की मशीन सहित विभिन्न छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई।

प्रखंड के कई इलाकों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए। पालगंज के बढ़ई टोला में नवयुवकों द्वारा धूमधाम से पूजा-अर्चना की गई। वहीं पालगंज मोड़ में ऑटो संगठन की ओर से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गई। इसके अलावा खुखरा के सोबरनपुर, चिरकी पावर हाउस, पालगंज पावर हाउस, हरलाडीह पावर हाउस सहित कई स्थानों पर भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। पूजा पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। पालगंज स्थित बढ़ई टोला में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर रात्रि जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति कार्यक्रमों का आनंद लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.