Type Here to Get Search Results !

जिस गली में की थी चोरी, उसी गली में फिर घूमते पकड़ाया बाइक चोर, जमकर हुई धुनाई।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर थाना क्षेत्र के चंदौरी रोड में बाइक चोरी की नीयत से घूम रहे एक युवक को स्थानीय दुकानदारों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई करने के बाद नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। भुक्तभोगी दुकानदार सुनील पंडित के अनुसार, 11 सितंबर को इसी युवक ने उनकी बाइक चोरी की थी। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान पहले ही हो चुकी थी।

रविवार को जब आरोपी दोबारा उसी गली में घूमता नजर आया तो दुकानदारों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। भागने की कोशिश कर रहे युवक को करीब 100 मीटर दूर खदेड़कर पकड़ लिया गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह बाइक चोरी की कितनी घटनाओं में शामिल रहा है और उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.