Type Here to Get Search Results !

आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

आम लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस केंद्र, गिरिडीह परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के जरिए बरामद किए गए 105 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गिरिडीह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की विशेष तकनीकी टीम लगातार गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उनका पता लगाने और बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।

गिरिडीह पुलिस के अनुसार, ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक गुम या खोए हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लाभार्थियों ने पुलिस की इस पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरिडीह पुलिस आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोगों की सहायता के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.