बरमसिया में बीमार व्यक्ति को खटिया पर मुख्य सड़क तक ले जाने का वीडियो वायरल//सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से समाधान की मांग।
SHIKHAR DARPANFriday, September 25, 2026
0
देवरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
देवरी अंचल के भेलवाघाटी पंचायत अंतर्गत बरमसिया गांव में सड़क की बदहाल स्थिति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक बीमार व्यक्ति को ग्रामीण खटिया पर टांगकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार की है। जानकारी के अनुसार, बरमसिया गांव निवासी मुंशी किस्कू बीमारी से ग्रसित हैं। बुधवार को उनकी तबीयत खराब होने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की। गांव तक वाहन पहुंचने में परेशानी होने के कारण ग्रामीणों को खटिया का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीण बीमार मुंशी किस्कू को खटिया पर लेकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचे, जहां से उन्हें वाहन के माध्यम से सदर अस्पताल, गिरिडीह ले जाकर भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बरमसिया गांव तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बीमार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अस्पताल या मुख्य सड़क तक पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत अथवा निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर गांव की सड़क व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।