Type Here to Get Search Results !

झारखंड बंद का गिरिडीह में असर, घंटों जाम रहा गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को बुलाए गए झारखंड बंद का असर गिरिडीह में भी देखने को मिला। बंद समर्थकों ने पपरवाटांड़ स्थित पुराने टोल प्लाजा के समीप गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दिए जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों चक्का जाम की स्थिति बनी रही। बंद समर्थक सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान, पहचान और अधिकार मिलना चाहिए। इन्हीं मांगों को लेकर मोर्चा की ओर से 29 सितंबर की शाम मशाल जुलूस निकाला गया था और 30 सितंबर को संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया गया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। लंबे समय तक मार्ग बाधित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.