प्रस्तावित चिड़ियाघर के विरोध में उतरे ग्रामीण, विस्थापन का जताया भय।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 30, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के कुम्हरलालो पंचायत अंतर्गत कठवारा में प्रस्तावित चिड़ियाघर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। बुधवार को दूधनिया गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने बैठक कर चिड़ियाघर निर्माण का विरोध जताया और विस्थापन की आशंका पर चिंता व्यक्त की। स्थानीय पंचायत समिति सदस्य जागो रजक के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पूर्व प्रमुख सिकंदर हेंब्रम, भोला वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि कठवारा में जैव विविधता पार्क का निर्माण कराया जा रहा है और इसी के सामने चिड़ियाघर बनाए जाने की योजना है। ग्रामीणों के अनुसार इसके लिए राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चिड़ियाघर बनने से दूधनिया गांव के लोगों के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो सकता है। इससे उनके खेत-खलिहान और आजीविका प्रभावित होने की चिंता है। ग्रामीणों ने कहा कि संथाल समाज का जीवन जंगल और जमीन से जुड़ा हुआ है, ऐसे में गांव और जमीन से हटाने की स्थिति में उनके सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। बैठक में लखीराम मुर्मू, सोनाराम मुर्मू, हीरालाल सोरेन, महादेव हांसदा और अंदरयास मुर्मू समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रस्तावित योजना पर स्थानीय लोगों की राय लेने और उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि चिड़ियाघर निर्माण से पहले विस्थापन और जमीन से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाना चाहिए।