स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देकर रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ाना प्राथमिकता : उपायुक्त।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
स्थानीय उद्यमिता, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला उद्योग केंद्र, गिरिडीह के तत्वावधान में तेजस पहल के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिले में उद्यमिता एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र को मजबूत करने के लिए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण की सही एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में छोटे उद्योगों की अहम भूमिका है। उन्होंने उद्यमियों को योजनाओं के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कार्यशाला में उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग तथा स्टार्टअप इंडिया के प्रतिनिधियों ने स्टार्टअप पंजीकरण, नवाचार, बौद्धिक संपदा अधिकार, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और सरकारी खरीद से संबंधित जानकारी दी। वहीं झारखंड औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम, रांची के प्रतिनिधि विकास कुमार ने राज्य सरकार की स्टार्टअप एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यशाला में शामिल उद्यमियों और प्रतिभागियों ने योजनाओं, पंजीकरण, वित्तीय सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका संबंधित प्रतिनिधियों ने समाधान और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के अविनाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।