करमा महोत्सव पर मंडरखा सुरक्षित वन में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
करमा महापर्व के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत मंडरखा सुरक्षित वन में ग्राम वन प्रबंधन समिति, मंडरखा की ओर से करमा महोत्सव का आयोजन पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान करम सहित विभिन्न छायादार पौधों का पौधरोपण कर प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुखिया निरंजन कुमार जनप्रतिनिधि के रूप में मौजूद रहे। वहीं वन विभाग के फॉरेस्टर की उपस्थिति में पौधरोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ग्राम वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल महतो, अधिवक्ता रामप्रसाद वर्मा, भवानी वर्मा, महेंद्र ठाकुर, बद्री ठाकुर, इंद्रदेव महतो, दशरथ महतो, रामचंद्र महतो, बसंत वर्मा, बिनोद तुरी, अर्जुन महतो एवं बाली राणा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम में शीतल कुमारी, शांति कुमारी, रीना कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, सोनाक्षी, वर्षा, वंदना, अंजली और श्रुति सहित बच्चों एवं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने कहा कि करमा पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के साथ-साथ प्रकृति और वृक्षों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने मंडरखा गांव और आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।