बड़ाकर नदी के खैरा घाट से बेखौफ बालू तस्करी का आरोप, रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टरों से उठाव का दावा//ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जांच कर कार्रवाई की मांग।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 22, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बड़ाकर नदी के खैरा घाट में कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध बालू उठाव का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि नदी के खैरा घाट स्थित पुल के नीचे से बालू माफियाओं द्वारा बेखौफ तरीके से बालू का उठाव और परिवहन किया जा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, खैरा घाट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू की ढुलाई की जाती है। आरोप है कि यह बालू डुमरी और तोपचांची के रास्ते धनबाद, गोमो, कतरास, निमियाघाट सहित अन्य क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने दावा किया कि लगातार हो रहे बालू उठाव से नदी क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप पर भी असर पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इतने बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उठाव हो रहा है, तो संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बालू उठाव की वैधता की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।ग्रामीणों ने प्रशासन से खैरा घाट समेत बड़ाकर नदी के अन्य घाटों पर भी निगरानी बढ़ाने की मांग की है। हालांकि, बालू तस्करी और प्रशासन की कथित निष्क्रियता से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।