देवरी के ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, जमुई से एक आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANSunday, September 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
देवरी थाना क्षेत्र के चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से लूटे गए चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन समेत घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:15 बजे चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स के संचालक श्याम सुंदर सोनार दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सुनसान स्थान पर कुछ अपराधियों ने उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। मामले में श्याम सुंदर सोनार के आवेदन पर देवरी थाना कांड संख्या 81/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 को धारा 309(4) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खोरीमहुआ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करते हुए लगातार छापेमारी की।
जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इनमें एक मोटरसाइकिल किसी अन्य व्यक्ति से लूटी गई थी और उसका नंबर प्लेट बदलकर घटना में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस टीम ने छापेमारी कर संतोष पासवान उर्फ चरकू, उम्र करीब 27 वर्ष, पिता भोला पासवान, निवासी बेलाटांड/माधोपुर, थाना चंद्रमंडीह, जिला जमुई (बिहार) को देवघर जिले से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की स्वीकारोक्ति और निशानदेही के आधार पर लूटे गए सामान में चांदी की एक चेन, चांदी की दो बिछिया, चांदी की एक जोड़ी पायल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों में टीवीएस अपाचे आरटीआर 160 और बजाज पल्सर 150 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापामारी दल में पुनि रोहित कुमार महतो, पुअनि श्वेता कुमारी, पुअनि निरंजन कच्छप, पुअनि ऋषु कुमार सिन्हा, पुअनि उपेन्द्र कुमार यादव, गिरिडीह तकनीकी शाखा तथा देवरी थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।