बनियाडीह में अवैध खनन से फिर हुआ भू-धसान, तेज आवाज के साथ हिली जमीन, कई घर धंसे।
SHIKHAR DARPANSaturday, September 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सीसीएल के बनियाडीह क्षेत्र में शनिवार की रात एक बार फिर भू-धसान की घटना से हड़कंप मच गया। रात करीब 9 बजे अचानक तेज आवाज के साथ जमीन हिलने लगी। इसके बाद इलाके में जमीन पर दरारें दिखाई देने लगीं और कई घर धंस गए। घटना के बाद लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन ने करीब 11 घरों को खाली कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बनियाडीह क्षेत्र में भूमिगत खनन के कारण लंबे समय से भू-धसान का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण जमीन लगातार कमजोर हो रही है, जिसके चलते आए दिन जमीन में दरार पड़ने और धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार की रात लोग अपने-अपने घरों में थे।
इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी और घर हिलने लगे। कुछ ही देर बाद जमीन में दरारें दिखाई देने लगीं और कई घरों के धंसने की स्थिति बन गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि सीसीएल प्रबंधन की ओर से प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पहले ही घर खाली करने का नोटिस दिया गया था। खतरे को देखते हुए कुछ लोग धीरे-धीरे अपने घर खाली भी कर रहे थे। इसी बीच शनिवार रात हुई भू-धसान की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीसीएल प्रबंधन और प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, तत्काल राहत और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की है। लोगों ने प्रभावित क्षेत्र में खनन गतिविधियों और जमीन की स्थिति की जांच कराने तथा अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पूरे मामले की जांच कर ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक प्रभावित इलाके में रहना खतरे से खाली नहीं है।