Type Here to Get Search Results !

रिवॉल्वर की नोक पर गार्ड को बनाया बंधक, निर्माणाधीन पावर हाउस में लाखों की लूट।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गांडेय प्रखंड के मडवाटांड़ स्थित निर्माणाधीन पावर हाउस में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने रिवॉल्वर की नोक पर वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बना लिया और पावर हाउस में रखे कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जाता है कि बदमाशों ने पावर हाउस में लगे ट्रांसफार्मर से तांबे के तार समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिया। इसके अलावा ट्रांसफार्मर के चिमनी बुश और तेल को भी नुकसान पहुंचाया गया। इससे पावर हाउस को काफी क्षति होने की बात सामने आ रही है। 

हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांडेय इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी सुबह मिली। मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। हथियार के बल पर गार्ड को बंधक बनाकर निर्माणाधीन पावर हाउस में हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.