36 दिनों से जारी किसान धरना स्थल पर धूमधाम से मना करमा पर्व।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
रजिस्टर-2 की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने, मृत पूर्वजों की जमीन उनके जीवित उत्तराधिकारियों के नाम रजिस्टर-2 में जमाबंदी कायम करने, गैर मजरूआ खास, बकास्त एवं भूदान जमीन का लगान रसीद निर्गत करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी किसानों को देने समेत कुल आठ सूत्री मांगों को लेकर किसानों का बेमियादी धरना मंगलवार को 36वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने पपरवाटांड़ मैदान में किसानों ने मंगलवार को धूमधाम से करमा पर्व मनाया। इस दौरान महिलाओं ने करम डार की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और करमा के पारंपरिक गीत गाकर झारखंड की संस्कृति एवं परंपरा को जीवंत रखा। पुरुषों ने मांदर बजाकर पर्व में सहभागिता की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। मौके पर किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की आठ सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और जनता के हक-अधिकार को प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिले के किसान अब जाग चुके हैं। जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक बेमियादी धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी पर्व-त्योहार भी इसी धरना स्थल पर मनाए जाएंगे। करमा पर्व के आयोजन में विष्णु सिंह, संतोष चक्रवर्ती, संजू चक्रवर्ती, किसान जनता पार्टी के संयोजक दासो मुर्मू, कार्यालय सचिव विजय कुमार, संरक्षक घनश्याम पंडित, महासचिव भागीरथ राय, संस्थापक सदस्य नारायण राय, छत्रधारी सिंह, बसिया टुडू, खुशबु देवी, बेदमिया देवी, संगीता मरांडी, सुनीता मरांडी, मालती देवी, मुकेश राय, रोहित पंडित, सुनील साहू, बिरजू राय, धनेश्वर महतो, जहांगीर अंसारी, अफसर खान, मुन्शी मुर्मू, विक्रम मुर्मू, गीता देवी, कलावती देवी, राजेंद्र यादव, शांति मरांडी, बीना बास्के, शामु बास्के, थामी मंडल, शंभू राय समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।वहीं जागरूक जनता पार्टी के अध्यक्ष मिसू मंडल एवं उनकी टीम के सदस्य भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई में आगे भी साथ देने का भरोसा दिलाया।