एस आई आर-2026: दावा-आपत्ति की तारीख बढ़कर 30 सितंबर, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर प्रशासन का जोर।
SHIKHAR DARPANSaturday, September 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्तारित अवधि का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या आवश्यक आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर देना है। बैठक में बताया गया कि प्रपत्र-6 के माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिले में अब तक 44,025 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। वहीं मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 364 प्रपत्र-7 और विवरण में संशोधन अथवा मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए 46,339 प्रपत्र-8 प्राप्त हुए हैं। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,586 मतदान केंद्र हैं। SIR-2026 के तहत अब तक 4,81,103 नोटिस जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त दावों, आपत्तियों और आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जागरूक करने और प्रपत्र-6 के माध्यम से अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग की अपील की। उपायुक्त ने नागरिकों से SIR को लेकर अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचने तथा सही जानकारी के लिए निर्वाचन विभाग के अधिकृत माध्यमों और संबंधित बीएलओ से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर लें और आवश्यकता होने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें।