Type Here to Get Search Results !

पेड़ से झूलता हुआ किशोरी का शव मिलने के मामले मेंनया मोड़ : मां ने तीन युवकों पर जताया हत्या व प्रताड़ना का शक, एक घंटे तक सड़क जाम ।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी थाना क्षेत्र के खिजुरी गांव में काजू के पेड़ से लटकती मिली 17 वर्षीया रचिता उर्फ रिया कुमारी पिता सहदेव तुरी की संदेहास्पद मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने गांवां गिरिडीह मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे दोपहर 2 से 3 बजे तक जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समझाने और लिखित शिकायत के बाद जाम हटाया गया, जिसके बाद मृतका की मां पार्वती देवी ने थाने में तीन स्थानीय युवकों के खिलाफ लिखित आवेदन सौंपा है।

​*बाएं हाथ पर मिले नाखून के निशान, 3 युवकों पर प्रताड़ना का आरोप* 

मृतका की मां द्वारा पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 3 सितंबर दोपहर लगभग 3:30 बजे खिजुरी कलाली मोड़ के पास उमेश साव के पुराने घर के पीछे स्थित काजू के पेड़ से रिया का शव उसी के दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। मां का आरोप है कि रिया के बाएं हाथ पर किसी के नाखून के तेज नोच खरोच के निशान पाए गए हैं, जिससे उसके साथ जबरदस्ती या मारपीट की आशंका जताई जा रही है। ​आवेदन में परिजनों ने कहा है कि  तीन युवक रिया के संपर्क में थे और आशंका है कि इन्होंने ही किसी बात को लेकर रिया को मौत के घाट उतार दिया या उसे जान देने पर मजबूर कर दिया।

​*मोबाइल सीडीआर से खुलेगा मौत का राज* 
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि घटना से पहले रिया की मोबाइल पर बातचीत हुई थी। पुलिस को पोस्टमार्टम के दौरान किशोरी के पास से मिले दो मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड की कॉल डिटेल खंगालने का आग्रह किया गया है, जिससे घटना के वक्त और उससे पहले की कड़ियों को जोड़ा जा सके। ​पुलिस का पक्ष सब इंस्पेक्टर लव कुमार ने बताया परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो गया है।प्राथमिक दृष्टया मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों दृष्टि कोणों से गहन जांच की जा रही है। मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी। आरोपियों से पूछताछ कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.