सरिया खुर्द में जलजमाव से 500 से अधिक आबादी परेशान, दूषित पानी से बढ़ी चिंता।
SHIKHAR DARPANFriday, September 18, 2026
0
सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत सरिया खुर्द में जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है। मोहल्ले में लंबे समय से जमा पानी के कारण करीब 500 से अधिक आबादी प्रभावित है। स्थिति यह है कि कई परिवारों को पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण आसपास के घरों और रास्तों में दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, तालाब और आसपास जमा पानी से आए दिन सांप निकलकर घरों में पहुंच रहे हैं। इससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदे पानी और दुर्गंध के कारण कई लोग स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं और इलाज के लिए अस्पताल जाने को मजबूर हैं।तालाब का पानी हरा और अत्यधिक गंदा हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब में मछलियां भी मर रही हैं।
जलजमाव का पानी आसपास के खेतों तक पहुंचने से फसलों को भी नुकसान होने की शिकायत है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।सरिया खुर्द के समीप स्थित दो विद्यालयों के विद्यार्थी और शिक्षक भी जलजमाव से परेशान हैं। विद्यालय आने-जाने में बच्चों को कठिनाई हो रही है। अभिभावकों को भी गंदे पानी और सांपों के खतरे के बीच बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर चिंता बनी हुई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलजमाव की तत्काल निकासी कराने, साफ पेयजल उपलब्ध कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। मामले को लेकर सरिया प्रमुख प्रीति कुमारी ने गिरिडीह उपायुक्त को अवगत कराया है और जल्द आवश्यक कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाने का आग्रह किया है।अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पानी की निकासी ही नहीं, बल्कि जलजमाव के कारणों को दूर कर स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आने वाले दिनों में उन्हें इस परेशानी का सामना न करना पड़े।