Type Here to Get Search Results !

बराकर नदी किनारे 32 हाथियों का झुंड, पंडरी-हजारीबाद और अंगैया क्षेत्र में अलर्ट।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

धनबाद और गिरिडीह जिले की सीमा के बीच बराकर नदी के किनारे करीब 32 हाथियों का बड़ा झुंड मौजूद है। हाथियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने बताया कि हाथियों का झुंड बराकर नदी पार कर पंडरी अथवा हजारीबाद की ओर जा सकता है। वहीं बराकर नदी के किनारे-किनारे आगे बढ़ते हुए पीरटांड़ प्रखंड के अंगैया गांव की ओर जाने की भी संभावना है। इसे देखते हुए पंडरी, हजारीबाद, अंगैया सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उन्हें भगाने या घेरने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। साथ ही हाथियों को पत्थर मारने, पटाखे फोड़ने या शोर मचाकर उत्तेजित करने से बचने तथा सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए उनके पास नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार पिछले दिनों पीरटांड़ और टुंडी प्रखंड में हाथियों की चपेट में आने से एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में क्यूआरटी की टीमें रातभर तैनात की जा रही हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय वनकर्मियों या विभाग को देने की अपील की है। विभाग ने विशेष अनुरोध किया है कि ग्रामीण स्वयं हाथियों के झुंड के पास जाकर निगरानी न करें और अफवाह या अपुष्ट सूचना सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.