सम्मेद शिखर पर्वत पर 9वें तीर्थंकर पुष्पदंत स्वामी का निर्वाण कल्याणक मनाया गया।
SHIKHAR DARPANSaturday, September 19, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थराज सम्मेद शिखर पर्वत पर स्थित 9वें तीर्थंकर 1008 श्री पुष्पदंत स्वामी की टोंक सुप्रभ कूट पर निर्वाण कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। जैन मान्यता के अनुसार भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के दिन भगवान पुष्पदंत स्वामी ने 1000 मुनियों के साथ यहां से मोक्ष पद प्राप्त किया था। निर्वाण कल्याणक के अवसर पर टोंक परिसर की साफ-सफाई की गई। इसके बाद बेदी पर प्रतिष्ठित भगवान पुष्पदंत स्वामी के चरण चिह्नों का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से निर्वाण कांड का पाठ कर निर्वाण लाडू अर्पित किया तथा पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया। निर्वाण लाडू चढ़ाने की बोली का लाभ अतुल बघेरवाल, इंदौर (मध्य प्रदेश) तथा राजीव-रीता रारा परिवार, डालटनगंज (झारखंड) ने लिया।
इस अवसर पर भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री खुशाल जैन, मुंबई सहित बड़ी संख्या में देशभर से आए तीर्थयात्री मौजूद रहे और भगवान के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के पुजारी अशोक जैन, राधेश पाठक, गार्ड, माली सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा ने बताया कि सम्मेद शिखर पर्वत से मोक्ष प्राप्त करने वाले सभी तीर्थंकरों के निर्वाण कल्याणक महोत्सव का आयोजन कमेटी की ओर से श्रद्धा एवं धार्मिक परंपरा के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु शामिल होकर तीर्थंकरों के निर्वाण कल्याणक को श्रद्धापूर्वक मनाते हैं।